प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घोषणा की है कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रश्नपत्र लीक में शामिल लोगों को त्वरित और कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक अदालतें स्थापित करेगी। उन्होंने छात्रों के भविष्य की रक्षा को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के युवाओं का कल्याण और भविष्य सर्वाधिक महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री का यह बयान नीट परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच आया है। श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों और पदाधिकारियों को इस संबंध में सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह निर्णय छात्रों के हितों की रक्षा के लिए उठाए जा रहे उपायों की श्रृंखला के अंतर्गत लिया गया है।










